कांग्रेस पार्टी के मेयर पद के प्रत्याशी अनिल श्रीवास्तव 16 अप्रैल को नामांकन करेंगे। कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने जानकारी देते हुए कहा कि आगामी निकाय चुनाव में हम नई ऊर्जा और नए उत्साह के साथ उतरने जा रहे हैं। हमारा मूल लक्ष्य काशी की जनता की मूलभूत जरूरतों को पूरा करना और उसके अनुसार नीति व नियम बनाना होगा। सिगरा स्थित अनिल श्रीवास्तव के आवास पर बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि आज हम जिस दौर में रह रहे हैं, ऐसा दौर इतिहास में हमने कभी नहीं देखा। हम निकाय चुनाव में अपने सुस्पष्ट एजेंडे के साथ जनता के बीच जाएंगे।
निकाय चुनाव के लिए पर्चा दाखिला के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को पार्षद पद के लिए दीनापुर और दुर्गाकुंड वार्ड से कुल दो नामांकन हुए। नगर निगम में मेयर पद के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी समेत चार प्रत्याशियों ने नौ सेट में पर्चे खरीदे। पार्षद पद के लिए 299 दावेदारोंं ने पर्चे लिए। इनमें 229 आरक्षित, 70 अनारक्षित वर्ग में पर्चे खरीदे गए। इसके अलावा गंगापुर में नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए दो पर्चे लिए गए, जबकि सदस्य के लिए छह लोगों ने पर्चे खरीदे
। नामांकन के तीसरे दिन भी मेयर और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए किसी ने पर्चा नहींं भरा। इसके पहले चौकाघाट वार्ड से पार्षद पद के लिए एक नामांकन हुआ था। नामांकन स्थल पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और कर्मचारी दावेदारों का इंतजार करते रहे लेकिन अधिकतर लोग नामांकन प्रक्रिया की जानकारी लेने ही पहुंचे। अभी प्रमुख दलों की ओर से मेयर और पार्षदों की सूची जारी नहीं हुई है। माना जा रहा है कि पार्टियों की ओर से प्रत्याशियोंं की सूची जारी होने के बाद नामांकन का सिलसिला जोर पकड़ेगा।