मदरसा शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिए गए। वाराणसी जिले की रुकैया बीबी ने कामिल (स्नातक) में 83 फीसदी अंक के साथ प्रदेश में टॉप किया है। मदरसा बोर्ड की परीक्षा में पहली बार काशी की बेटी ने टॉप कर परचम लहराया है। जिले का परिणाम भी शानदार रहा। परीक्षा में 89 फीसदी विद्यार्थी पास हुए हैं।
मदरसा शिक्षा परिषद ने दोपहर 12 बजे बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी संजय कुमार मिश्र ने बताया कि जिले में 49 मदरसों के 3055 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। इसमें से 2723 विद्यार्थी पास हुए हैं। इसमें मुंशी व मौलवी के 1465, आलिम के 478, कामिल 802 और फाजिल के 310 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले कई साल के बाद बनारस का परिणाम अच्छा रहा है। पहले बनारस के विद्यार्थी प्रदेश में टाॅप टेन में रहे हैं मगर पहली बार कोई छात्रा टॉपर बनी हैं।
शिक्षिका बनना चाहती हैं रुकैया
कटेहर (पीलीकोठी) की रहने वाली रुकैया बीबी कामिल में टॉप किया है। मदरसा मजहरुल उलूम पीलीकोठी की छात्रा रुकैया शिक्षिका बनना चाहती हैं। दो बहनों में छोटी रुकैया ने अपनी सफलता का श्रेय मदरसे के शिक्षकों और परिवार को दिया है। बताया कि आगे फाजिल की पढ़ाई के बाद शिक्षक बनने के लिए तैयारी करूंगी। उसके पिता रफीक बनारसी साड़ी की डिजाइन तैयार करते हैं।