बलिया में सांसद बनने के लिए बुजुर्गों का आशीर्वाद जरूरी होगा। संसदीय क्षेत्र में 4.89 लाख बुजुर्ग मतदाता हैं। जबकि बांसडीह विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक बुजुर्ग हैं।
बलिया, सलेमपुर और घोसी का सांसद बनना है तो प्रत्याशियों के लिए बुजुर्ग मतदाताओं का आशीर्वाद लेना भी महत्वपूर्ण होगा। बुजुर्गों के वोट सांसद बनाने में बेहद अहम होने वाले हैं। बलिया की सात विधानसभाओं में 4,89,977 बुजुर्ग मतदाता हैं। यह संख्या कुल मतदाताओं की 19.51 फीसदी है।
विज्ञापन
चुनाव में जीत हार के लिए यह आंकड़ा किसी भी प्रत्याशी के पक्ष में काफी अहम साबित होगा। आम मान्यता है कि किसी अच्छे कार्य के लिए जाते समय यदि बड़े बजुर्ग का आशीर्वाद मिल जाए तो उसमें सफलता अवश्य मिलती है।
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सलेमपुर में सपा एवं भाजपा ने अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतार दिए हैं। हालांकि बसपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले है। वहीं, बलिया लोकसभा सीट के लिए भाजपा और बसपा ने अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है। जबकि सपा ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा अब तक नहीं की है।
विज्ञापन
उधर, घोसी में एनडीए गठबंधन के सहयोगी सुभासपा समेत सपा और बसपा ने अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। इस बार जो भी प्रत्याशी चुनाव मैदान में होंगे उनके लिए बुजुर्ग मतदाताओं का आशीर्वाद अहम साबित होगा। लोकसभा चुनाव के लिए जो मतदाता सूची तैयार की गई है उसमें 60 साल या इससे अधिक आयु के 4,89,977 मतदाताओं के नाम शामिल हैं।
जिसमें सबसे अधिक 83,476 बुजुर्ग मतदाता बांसडीह विधानसभा में हैं। इस विधानसभा में हैं। बेल्थरारोड विधानसभा में यह संख्या 72,848, है। वहीं, रसड़ा में 70,131, सिकंदरपुर में 57,397, फेफना में 63,161, बलिया नगर में 68,198 और बैरिया विधानसभा में यह संख्या 74,751 है।
85 साल से अधिक तो मिलेगी पोस्टल बैलेट की सुविधा
बुजुर्ग मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित नहीं रहें, इसका निर्वाचन आयोग इसका पूरा ध्यान रखेगा। 85 साल से अधिक आयु के जो मतदाता हैं उनके लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा रहेगी। मतदान कर्मी घर पर जाकर ऐसे मतदाताओं से वोट डलवाएंगे। इसके लिए 12डी फार्म भरकर आवेदन करना होगा। बीएलओ ऐसे मतदाताओं के घर जाकर फार्म भरवाएंगे। ऑनलाइन आवेदन डाउनलोड करके रिटर्निंग अफसर के कार्यालय में आवेदन जमा किया जा सकेगा।
1104 मतदाता हैं शतायु
बलिया की सात विधानसभा क्षेत्रों में 1104 मतदाता ऐसे भी हैं जो सौ साल या उससे ऊपर की आयु के हैं। जिसमें सबसे अधिक 361 मतदाता बांसडीह विधानसभा में है। वहीं बैरिया विधानसभा में 349 तथा बेल्थरारोड विधानसभा में 151, रसड़ा में 134, सिकंदरपुर में 48, फेफना में 37 और बलिया नगर में 23 मतदाता 100 साल के आंकड़े को पार कर गए हैं।
चुनाव में प्रत्येक मतदाता को वोट देने का अधिकार है। बुजुर्ग मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। बुजुर्ग मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुविधा रहेगी। चलने फिरने में असमर्थ मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा रहेगी। - अखिलेश यादव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, बलिया