उत्तर प्रदेश की दो लोकसभा सीटों के उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के गठबंधन की खबरों पर भाजपा नेताओं का हमला जारी है। सोमवार को वाराणसी पहुंचे ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा व नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने भी इस क्रम में करारा हमला बोला।
यूपी के स्टांप, न्यायालय शुल्क, पंजीयन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी सोमवार बसपा अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम मायावती जमकर निशाना साधा। कहा कि मायावती सिर्फ वोट की नहीं बल्कि नोट की राजनीति करती हैं।
सपा पर कहा कि परिवार टूटने की वजह से पार्टी भी टूट गई है। सपा के तीन सुप्रीमो हैं। पहला मुलायम सिंह, दूसरा शिवपाल और तीसरा अखिलेश यादव हैं। उन्होंने कहा कि फूलपुर और गोरखपुर में सपा और बसपा के साथ चुनाव लड़ने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। जनाधार बचाने के लिए पार्टी जोड़तोड़ कर रही हैं। मंत्री नंद गोपाल गुप्ता सोमवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
कहा कि प्रदेश के मंडल मुख्यालयों को हवाई मार्ग से जोड़ा जा रहा है। इसके लिए नए 11 एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं। आजमगढ़, बरेली, आगरा जैसे मंडल भी मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता आदि महानगरों से जुड़ जाएंगे। कहा कि हेलीकाप्टर से काशी दर्शन की योजना बंद नहीं हुई है। पवन हंस कंपनी के स्थान पर विकल्प की तलाश हो रही है। इसके लिए निविदा जारी भी हुई है।
ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर में भाजपा की जीत के बाद विपक्ष में घबराहट देखने को मिल रही है। सपा बसपा का गठबंधन बेर और केले का मिलन है। फूलपुर और गोरखपुर उपचुनाव के लिए में दोनों का गठबंधन बेमेल है।
विपक्ष कहता है कि एक साल में योगी सरकार ने कुछ काम नहीं किया है, फिर गठबंधन क्यों किया। भाजपा के रथ को जनता पीछे से धक्का दे रही है। जिसकी वजह से हमें कोई भी रोक नहीं सकता है।
श्रीश्री रविशंकर के अयोध्या मंदिर के बयान पर मंत्री ने कहा कि भगवान राम के प्रति करोड़ों लोगों की आस्था है। भारतवासी चाहते हैं अयोध्या में राम मंदिर बने। मामला कोर्ट में है। लोगों की भावना जुड़ी है।