उत्तर प्रदेश सरकार के वन मंत्री उपेन्द्र तिवारी सोमवार को स्पेशल कोर्ट एमपीएमएलए में पेश हुए। वह जानलेवा हमले के एक मुकदमे में आरोपी हैं और स्पेशल कोर्ट ने उनको तलब किया था। सुनवाई कर रहे विशेष कोर्ट के न्यायाधीश पवन कुमार तिवारी ने उन्हे कठघरे में खड़े रहने का निर्देश दिया।
कोर्ट ने मंत्री से कहा कि आप खुद कानून बनाते हैं, इसलिए कानून का पालन यदि आप नहीं करेंगे तो और कौन करेगा। उपेंद्र तिवारी 22 साल पूर्व इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदू छात्रावास में हुई मारपीट की घटना में आरोपी हैं। घटना उनके छात्र जीवन की है।
कोर्ट में अभियोजन के गवाह विवेचक दयाराम द्विवेदी का बयान दर्ज किया गया। मामले की अगली सुनवाई 28 सितंबर को होगी। सुनवाई के दौरान मंत्री का बचाव अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष शीतला प्रसाद मिश्र ने किया।