यूपी के आजमगढ़ में हत्या के आरोप में जेल में निरुद्ध पूर्व मंत्री अंगद यादव अपने एनड्रॉइड सेट के जरिए 24 घंटे ऑनलाइन रहते हैं। यहां तक कि वह अपने समर्थकों को मैसेज भेजकर उनका हालचाल भी लेते रहते हैं।
मोबाइल पर ही समर्थकों की समस्या भी निपटाते हैं। पूर्व मंत्री के लिए घर और जेल में कोई फर्क नहीं है। सोशल साइटों पर मौजूद अंगद यादव का फेसबुक एकाउंट तो यही हाल बयां कर रहा। हालांकि उनकी सोशल साइट वह स्वयं चला रहे हैं या कोई और यह जांच का विषय है।
बता दें कि आजमगढ़ रेलवे स्टेशन के पास 19 दिसंबर 2015 की सुबह ताबड़तोड़ गोली मारकर लालगंज तहसील के अधिवक्ता और कांग्रेस पार्टी के नेता रहे राजनरायन सिंह की हत्या कर दी गई। सिधारी थाना क्षेत्र के मूसेपुर निवासी पूर्व मंत्री और भाजपा नेता अंगद यादव इसके मुख्य आरोपी हैं। तभी से वह जेल में हैं।
सूत्रों के मुताबिक जेल के भीतर रहते हुए भी अंगद यादव कभी जेल का भोजन नहीं करते। उनके लिए सुबह शाम घर से भोजन और नाश्ता जाता है। जेल के भीतर से ही अंगद यादव मोबाइल फोन के जरिए बाहर के लोगों से जुड़े हुए हैं। प्रतिदिन वह अपने समर्थकों और पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करते रहते हैं।
जेल की बैरक में बैठकर ही पूर्व मंत्री सोशल साइटों के जरिए अपने लोगों को संदेश और शुभकामनाएं भी देते हैं। वह सबके लिए 24 घंटे ऑनलाइन रहते हैं। यहीं से दीपावली और छठ आदि की लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।