चुनाव आयोग की ओर से बुजुर्ग और दिव्यांगों को घर से ही मतदान की सुविधा को लेकर वाराणसी जिला प्रशासन अपनी तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए करीब 65 हजार दिव्यांग और बुजुर्ग (80 वर्ष से ऊपर) के मतदाताओं से बीएलओ के जरिए संपर्क भी साधा जाएगा। इसमें मतदान स्थल तक पहुंचने में असमर्थता जताने वाले ऐसे मतदाताओं को फार्म 12 के जरिए बैलेट वोट डलवाया जाएगा।
इसके अलावा मतदाता सूची में सुधार के लिए एक महीने तक और अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के रायफल क्लब में प्रेसवार्ता में चुनाव तैयारियों की जानकारी साझा की और कहा कि कोरोना प्रोटोकाल के साथ चुनाव प्रक्रिया कराने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।
इसमें मतदान से पांच दिन पहले प्रत्येक मतदाता को बीएलओ के जरिए फोटोयुक्त मतदाता पर्ची उपलब्ध कराई जाएगी। इससे पहले 15 जनवरी से एक डमी पर्ची का वितरण भी कराया जाएगा। निष्पक्ष चुनाव के लिए आठों विधानसभा को 252 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 28 जोनल मजिस्ट्रेट और आठ सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि इस बार करीब छह सौ मतदान स्थल बढ़ाए गए हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में 2711 मतदान स्थल थे, जबकि इस बार 3361 स्थल होंगे।
आल वूमेन और दिव्यांग भी बूथ भी बनेंगे
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि महिला सशक्तिकरण और चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार ज़िले की सभी 8 विधानसभाओं में दो-दो आल वूमेन बूथ बनाये जाएंगे। इन सभी 16 आल वूमेन बूथ पर पोलिंग एजेंट से लेकर सभी अधिकारी के साथ ही साथ सुरक्षाकर्मी भी महिलाएं ही रहेंगी। इसी तरह शिवपुर, वाराणसी उत्तरी, वाराणसी दक्षिणी और वाराणसी कैंटोमेंट में 4 दिव्यांग बूथ बनाये जाएंगे।
इसमें सभी बूथों की कमान दिव्यांग कर्मचारी और अधिकारी संभालेंगे। इसके अलावा ऐसा अमूमन नहीं होता है, पर फिर भी हम ऐसे सुरक्षाकर्मियों की भी तलाश कर रहे हैं जो फिज़िकल डिसिबल हैं। अगर नहीं हैं तो हम सामान्य सुरक्षाकर्मी ही लगाएंगे। सभी आठ विधानसभाओं पर हम 10-10 की संख्या में मॉडल बूथ भी स्थापित करेंगे।
एक नजर में
- जिले भर में 30 लाख 29 हजार 215 मतदाता करेंगे आठ विधानसभाओं में प्रत्याशियों के भाग्य के फैसला
- 42 हजार 763 बुजुर्ग और 26 हजार 415 दिव्यांग मतदाताओं को मिलेगा घर से मतदान की सुविधा
- 5 हजार 958 सर्विस मतदाताओं को पोस्ट से भेजे जाएंगे बैलेट, 34 हजार 550 युवा मतदाता करेंगे पहली बार मतदान