अब वाराणसी के साथ ही प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र सहित अन्य जिलों में प्रचार की रणनीति को तैयार किया गया है। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 फरवरी को कौशांबी, 24 फरवरी को अमेठी, सुल्तानपुर, प्रयागराज और प्रतापगढ़ में जनसभा करेंगे। काशी क्षेत्र के प्रचार अभियान की शुरुआत 22 फरवरी को गृहमंत्री शाह प्रयागराज में रोड शो के जरिए करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 23 फरवरी को वाराणसी की अजगरा और दो मार्च को शहर उत्तरी व सेवापुरी में जनता के बीच जाएंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 24 फरवरी को जौनपुर की मल्हनी, बदलापुर, गाजीपुर की जंगीपुर और चार मार्च को भदोही के ज्ञानपुर और वाराणसी की शिवपुर और चंदौली के चकिया में प्रचार अभियान को गति देंगे।
भाजपा से सीधी टक्कर लेने के लिए सपा भी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल यादव को पूर्वांचल के मैदान में उतार सकती है। सपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों की माने तो सपा मुखिया के साथ ही प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव भी पूर्वांचल में सक्रिय होंगे। कारण, सपा कार्यकर्ताओं के बीच शिवपाल यादव की सक्रियता का लाभ पार्टी हर हाल में लेना चाहेगी। इसके लिए सपा की ओर से भी पूर्वांचल के प्रचार अभियान की रणनीति तैयार की जा रही है।