बनारस के उदय प्रताप महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान होगा। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह नौ बजे से अपराह्न एक बजे तक वोट डाले जाएंगे। चुनाव के मद्देनजर बुधवार को देर शाम तक तैयारियां चलती रहीं।
यहां कुल 4340 विद्यार्थी चुनाव मैदान में उतरे 15 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। अध्यक्ष, महामंत्री और उपाध्यक्ष पदों पर 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, संकाय प्रतिनिधि के लिए चार प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। यूपी कॉलेज में मतदान के लिए कुल 22 बूथ बनाए गए हैं।
बैरीकेडिंग लगाने के साथ ही देर शाम तक तैयारियां की जाती रहीं। मतदान के लिए सभी छात्र-छात्राओं को अपना परिचय पत्र लाना होगा। जिनके पास आई कार्ड नहीं है, उन्हें शुल्क रसीद के साथ फोटो युक्त पहचान पत्र लेकर आना होगा, तभी उन्हें मतदान की अनुमति दी जाएगी।
प्रधान चुनाव अधिकारी डॉ. महेश प्रताप सिंह ने बताया कि परिसर में कड़ी सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही बूथों के अंदर और मतगणना के दौरान वीडियोग्राफी कराई जाएगी। प्रत्येक बूथ पर एक ही एजेंट को रखा जाएगा। मतदान व मतगणना के दौरान प्रत्याशी और उनके एजेंटों के लिए मोबाइल प्रतिबंधित रहेगा।