काशी मिल सकती हैं 100 ई-बसें
पब्लिक ट्रांसपोर्ट को और बेहतर करने के लिए काशी को 100 नई ई बसें मिल सकती हैं। यूपी के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के अफसरों का कहना है कि बजट मिलते ही नई बसें खरीदी जाएंगी। ऐसा हुआ तो ई-बसों की संख्या 150 हो जाएगी।
400 करोड़ से बनेगा राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज
वाराणसी में चिकित्सा सुविधाएं बढ़ेंगी। इसके लिए 400 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। बजट मिलते ही राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी।
बलिया को मिला मेडिकल कॉलेज
जिले को राजकीय मेडिकल काॅलेज की सौगात मिल गई है। इसके लिए 27 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मेडिकल काॅलेज बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
आजमगढ़ में बनेगी फॉरेंसिक लैब
जिले को पहली बार फॉरेंसिक लैब (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की सौगात मिली है। इससे आपराधिक मामलों से संबंधित सैंपल की जांच आसान हो जाएगी। ओडीओपी के तहत चयनित ब्लैक पॉटरी और मुबारकपुर की साड़ी उद्योग को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
जनजातीय उत्कर्ष अभियान का फायदा सोनभद्र के 176 गांवों को मिलेगा
आदिवासी बहुल जिलों के लिए धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान शुरू किया है। प्रदेश सरकार ने 18 विभागों को मिलकर गांवों में विकास कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। इसका फायदा जिले के 176 गांवों को मिल सकता है। दूसरी तरफ, विंध्य एक्सप्रेस वे पहला प्रोजेक्ट होगा, जो सोनभद्र को प्रयागराज से सीधे जोड़ेगा। यह एक्सप्रेस वे मिर्जापुर से सोनभद्र तक आएगा। इससे झारखंड और छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी भी अच्छी हो जाएगी।