यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन 50 फीसदी से ज्यादा पूरा हो गया है। 18 मार्च से शुरू मूल्यांकन की प्रक्रिया चार अप्रैल तक चलेगी। अब तक कुल कॉपियों में से हाईस्कूल की 191660 और इंटर की 178150 कॉपियों का मूल्यांकन हो गया है। शेष आठ दिनों में मूल्यांकन कार्य पूरा हो जाएगा।
यही नहीं इनके नंबर भी परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किए जा चुके हैं। ऐसे में उम्मीद है कि पिछली बार की तरह इस बार भी 25 अप्रैल तक परिणाम घोषित किए जाएं। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक हुईं। इसमें कुल 90298 छात्रों ने हिस्सा लिया। 18 मार्च से परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू हो गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में इस बार हाईस्कूल और इंटर की कुल 621668 कॉपियां मूल्यांकन के लिए आई हैं। जिले में चार केंद्रों पर इनका मूल्यांकन हो रहा है। अब तक हाईस्कूल की 191660 और इंटरमीडिएट की 178150 कॉपियां जंच गई हैं। शेष आठ दिनों में हाईस्कूल की 163562 और इंटर की 88296 कॉपियां जांची जाएंगी।
इसे भी पढ़ें; ITI: आईटीआई में शुरू होंगे एआई आधारित नए कोर्स, इसी सत्र से पढ़ाई; छात्रों का रुझान सबसे ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक्स
बोर्ड की ओर से कराए जा रहे मूल्यांकन कार्य समय से पूरा हो जाएगा। जितनी कॉपियों का मूल्यांकन हो गया है, उतने छात्रों के नंबर भी परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। इसमें कोई देरी नहीं हुई है। पिछली बार भी मूल्यांकन तय समय सीमा में पूरा हो गया था और 25 अप्रैल को परिणाम जारी हुए थे। इस बार भी 25 अप्रैल तक परिणाम घोषित हो सकते हैं।