वाराणसी। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटर का रिजल्ट घोषित होने के बाद अंकपत्र और प्रमाणपत्र में भारी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। इसको देखते हुए बोर्ड केक्षेत्रीय कार्यालय में ग्रीवांस सेल (शिकायत निवारण प्रकोष्ठ) खोला गया है। अब अभ्यर्थी अंकपत्र, प्रमाणपत्र के संशोधन के लिए यहां अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
बोर्ड के क्षेत्रीय सचिव कामता राम पाल ने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के लिए दो अलग-अलग सेल बनाए गए हैं। हाईस्कूल के सेल का प्रभारी सहायक सचिव विकायल भारती और इंटरमीडिएट का प्रभारी उदय प्रकाश मिश्र को बनाया गया है। सचिव ने बताया कि संशोधन के लिए
विद्यार्थी इंटरनेट से डाउनलोड की गई अंकपत्र की प्रति के साथ जरूरी साक्ष्य लगाकर सेल में जमा करें। गौरतलब है कि रिजल्ट आने के बाद तमाम अभ्यर्थियों के अंकपत्र में नाम, माता-पिता के नाम और विषय आदि की त्रुटियां सामने आई हैं। बहुतों को तो अनुपस्थित दिखाते हुए फेल कर दिया गया है। इसके चलते छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक क्षेत्रीय कार्यालय का चक्कर काट रहे थे।