कॉपियों का मूल्यांकन 16 मार्च से शुरू होगा। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाहरी जिलों की कॉपियां मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंचने लगी हैं। बुधवार को भी राजकीय क्वींस कॉलेज सहित चारों मूल्यांकन केंद्रों पर कॉपियां लाई गईं। 31 मार्च तक मूल्यांकन कार्य होना है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड परीक्षाओं के बाद अब मूल्यांकन कराने की तैयारी में जुट गया है। परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव विनोद कुमार राय ने बताया कि परिक्षेत्र में आने वाले 15 जिलों में हुई परीक्षाओं के बाद संकलन केंद्रों में रखी गईं कॉपियां दूसरे जिलों में भेजी जा रही हैं। परिक्षेत्र में 55 मूल्यांकन केंद्रों पर कॉपियां आ रही हैं। यहां पहले ही मूल्यांकन प्रपत्र भेज दिया गया है। केंद्रों पर सख्ती भी बढ़ा दी गई हैं। इन केंद्रों की सीसीटीवी से निगरानी होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने बताया कि जिले में राजकीय क्वींस कॉलेज, राजकीय प्रभुनारायण इंटर कॉलेज, महाबोधि इंटर कॉलेज और भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज में कॉपियों का मूल्यांकन होगा। बाहर से बोर्ड की कॉपियां आ रही हैं। 15 मार्च तक कॉपियां आ जाएंगी और 16 से मूल्यांकन भी शुरू हो जाएगा। उप प्रधान परीक्षक और परीक्षक तय कर दिए गए हैं।