वायरल कॉपी और प्रश्नपत्र
- फोटो : amar ujala
इसके पहले 28 फरवरी को यूपी बोर्ड के हाईस्कूल के संस्कृत और इंटरमीडिएट के जीव विज्ञान विषय की परीक्षाएं सुबह की पाली में होनी थी। लेकिन परीक्षा के कुछ समय पहले ही हाईस्कूल के संस्कृत की लिखी हुई कॉपी और इंटरमीडिएट के जीव विज्ञान के प्रश्नपत्र की फोटो कॉपी व्हाट्सएप पर वायरल हो गई थी।
नोडल अधिकारी रामशरण सिंह ने बताया कि भीमपुरा क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज औराई खुर्द के प्रधानाध्यापक की गाड़ी से लिखी हुई कॉपियां बरामद की गई हैं। पूछताछ में प्रधानाध्यापक ने बताया कि किसी ने गुरुवार सुबह 7 बजे से पहले ही वाहन में लिखी हुई कॉपियां रख दी होंगी।
नोडल अधिकारी ने माना कि पेपर लीक हुआ है। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी इलाहाबाद बोर्ड कार्यालय को दे दी गई है। साथ ही प्रधानाध्यापक समेत एक अन्य कर्मचारी पर एफआईआर दर्ज करा दी गई।
बता दें कि इसके पहले 22 फरवरी को भी इंटरमीडिएट की दूसरी पाली में भौतिक विज्ञान की परीक्षा थी। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रश्नपत्र संख्या 346 (एफआई) का पेपर और हल की हुई कॉपी वायरल होने लगी थी।
फिर 25 फरवरी को दूसरी पाली में यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट के गणित की परीक्षा थी। लेकिन इसी बीच परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले ही व्हाट्सएप पर गणित के सीरीज 324 (ईएन) प्रश्नपत्र की हल की गई कॉपी वायरल हुई थी।
हालांकि शुरुआत में वायरल हुई हल कॉपियों पर कहीं भी प्रश्नपत्र का सीरीज नंबर अंकित नहीं होने के कारण ऊहापोह की स्थिति रही। लेकिन परीक्षा शुरू होने के बाद यह स्थिति साफ हो गई और नकल माफिया हल कापियों को संबंधित केंद्रों पर धड़ल्ले से पहुंचाते रहे।
इसके बाद 25 फरवरी की शाम तक बलिया में एसटीएफ की टीम ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया था। जिनके पास से लिखित इंटरमीडिएट गणित की 38, रसायन विज्ञान 49, भौतिक विज्ञान की 52 और हिंदी की 55 कॉपियां भी बरामद की थी। इसके अलावा टीम ने पकड़े गए लोगों से इंटरमीडिएट गणित की चार गाइड, एक मोबाइल और अन्य नकल के दस्तावेजों को भी बरामद किया था।