यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्रों पर संसाधनों की सूची तिथि बीतने के बाद भी माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड नहीं हो सकी। पांच दिसंबर तक विद्यालयों को केंद्र संसाधनों का पूरा ब्योरा देने को कहा गया था लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी 400 में से 200 विद्यालयों ने ही जानकारी दी। लेटलतीफी करने वाले विद्यालयों को नोटिस जारी करने की तैयारी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने 28 नवंबर को आदेश जारी कर विद्यालयों को छात्र संख्या, सीसीटीवी कैमरा आदि की जानकारी पांच दिसंबर तक अपलोड करने को कहा था। दो दिसंबर तक किसी ने संज्ञान नहीं लिया, इसके बाद जब चेतावनी जारी की गई तो तीन दिन के भीतर 200 विद्यालयों ने सूची अपलोड की। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि सूची समय से अपलोड न करने वाले विद्यालयों को नोटिस जारी कर पूछताछ की जाएगी। परिषद की ओर से तिथि बढ़ाए जाने के बारे में कोई फैसला नहीं हुआ है।