वाराणसी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन के दौरान परीक्षकों को अजब-गजब देखने को मिल रहा है। कई परीक्षार्थियों ने कापी के बीच नोट नत्थी करके पास करने की गुहार लगाई है तो कई ने सवालों के जवाब देने की बजाय गरीबी और शादी टूटने का हवाला देकर पास करने की गुहार लगाई है। कापियों में इस तरह के मैसेज देखकर परीक्षक भी चकरा जा रहे हैं। इस तरह का वाकया अंग्रेजी और गणित की कापियों में ज्यादा देखने का मिल रहा है।
जिले में राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज समेत चार केंद्रों पर चल रहे मूल्यांकन में अब कुछ तेजी आ रही है। शिक्षा विभाग की ओर से तय समय सीमा 31 मई तक है। मंगलवार को मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों की संख्या अधिक रही। अब महिला परीक्षक भी कापियों का मूल्यांकन करने आ रही हैं। महाबोधि इंटर कॉलेज में हाई स्कूल अंग्रेजी की कापियां जांची गई तो क्वींस कॉलेज में इंटरमीडिएट समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र और नागरिक शास्त्र के साथ ही हिंदी की कॉपियों का मूल्यांकन हुआ। इस बीच अंग्रेजी और गणित की कुछ कापियों में कुछ परीक्षकों को 100 और 200 के नोट भी नत्थी मिले। कॉपी में छात्रों की ओर से खुद को पास करने की गुहार भी लगाई जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह का कहना है कि नोट मिलने जैसी कोई सूचना कही से मिल नहीं रही है। कुछ शरारती छात्र होते हैं, जो कभी-कभी कुछ इस तरह की हरकत करते हैं। बताया कि पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत मूल्यांकन हो रहा है। 31 मई तक की जो समय सीमा मूल्यांकन की रखी गई है, उसे समय रहते पूरा कर लिया जाएगा