आजमगढ़ के 22 ब्लाकों में 58 नामांकन दाखिल हुए इसमें 4 का निर्विरोध निर्वाचन तय है। तरवां से भाजपा के मतानूराय, लालगंज से सपा की अमला देवी, फूलपुर से सपा की अर्चना यादव और ठेकमा से दुर्गावती देवी निर्दल के विरोध में किसी ने पर्चा नहीं भरा है।
सोनभद्र के 10 ब्लॉकों में 19 नामांकन हुए इसमें 3 निर्विरोध चुना जाना तय हैं। सदर ब्लॉक से अजीत रावत भाजपा, चतरा से शक्ति सिंह पटेल भाजपा, और बभनी से बेबी सिंह अपना दल एस-भाजपा के खिलाफ कोई पर्चा नहीं भरा गया।
जौनपुर में 21 ब्लॉकों में 49 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इसमें 5 ब्लॉकों बक्सा से मनोज यादव निर्दल, रामनगर से तारादेवी भाजपा, केराकत से सरोज देवी भाजपा, डोभी से विद्यादेवी भाजपा और बरसठी से अनीता शुक्ला भाजपा का निर्विरोध चुना जाना तय है।
भदोही के 6 ब्लॉकों में 11 नामांकन हुए जिसमें औराई से विकास मिश्रा के दोबारा चुना जाना तय है ये पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्र के पुत्र हैं और सिटिंग ब्लॉक प्रमुख हैं। वहीं सुरियावां से भाजपा की अनीता गौतम के निर्वाचन की घोषणा होनी बाकी है। मिर्जापुर के 12 ब्लॉकों में 23 नामांकन हुए इसमें 5 प्रत्याशियों के खिलाफ किसी ने नामांकन नहीं किया।
इनमें राजगढ़ से गजेंद्र सिंह भाजपा, पटेहरा कला से गरिमा देवी अपनादल एस, कोन से मीनाक्षी सिंह भाजपा, लालगंज से जयंत सरोज भाजपा और सीखड़ से भाजपा के क्षत्रपति सत्येंद्र कुमार सिंह का निर्विरोध निर्वाचन चुना जाना तय है।
चंदौली के 9 ब्लॉकों में 18 नामांकन किए गए इसमें 4 के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है। नौगढ़ से भाजपा की प्रेमाकोल, चकिया से भाजपा के शंभूनाथ यादव, शहाबगंज से भाजपा की गीतादेवी और धानापुर ब्लाक से अजय सिंह के खिलाफ कोई पर्चा दाखिल नहीं हुआ।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव में दमदारी दिखाने का दंभ भरने वाली सपा ने कई ब्लॉकों में नामांकन के दौरान ही घुटने टेक दिए हैं। सोनभद्र जिले की दस में से पांच ब्लाकों में सपा के किसी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया है। इनमें से तीन सीटों पर भाजपा व अपना दल के प्रत्याशी का निर्विरोध चुना जाना तय है।
म्योरपुर और दुद्धी ब्लॉक में भाजपा के सामने अपना दल के उम्मीदवार उतारे जाने से स्थिति रोचक हो गई है। जिला पंचायत चुनाव में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े भाजपा और अपना दल के ब्लाक प्रमुख के चुनाव में अलग-अलग खेेमों में बंटने से सियासी पारा गर्म है। हालांकि शुक्रवार को नाम वापसी की प्रक्रिया अभी शेष है।
अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया। अपना दल के अधिकृत प्रत्याशी मानसिंह गोंड़ ने ब्लाक पहुंचकर दो सेटों में अपना पर्चा दाखिल किया। इसके कुछ देर बाद भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामदुलार सिंह गोंड़ भी जुलूस की शक्ल में नामांकन करने पहुंचे।
उन्होंने एक सेट में सहायक निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार के समक्ष नामांकन पत्र जमा किया। सत्ताधारी गठबंधन में शामिल दोनों दलों के अलग-अलग उम्मीदवार उतारने से राजनीतिक सरगर्मी जोरों पर है। हालांकि सियासी रणनीतिकार गतिरोध दूर करने में जुटे हैं।