पुतलीघर परिसर में 24 को होगा 500 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक विवाह समारोह होने जा रहा है। इससे पहले किसी कार्यक्रम में तीन सौ जोड़ों की शादी हुई है लेकिन यहां यह रिकार्ड टूटेगा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मिर्जापुर के पुतली घर परिसर में 24 अप्रैल को पांच सौ जोड़ों का सामूहिक विवाह होगा।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ शामिल होंगे। वे वर और वधू को आशीर्वाद देंगे। वैवाहिक कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल की पहल पर आ रहे सीएम योगी मिर्जापुर जिले को सौगात भी दे सकते हैं। शासन ने श्रम विभाग में पंजीकृत कर विंध्याचल मंडल के पांच सौ मजदूरों के पुत्र-पुत्रियों की शादी कराने का निर्णय लिया है।
इसके लिए मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही के पंजीकृत मजदूरों से अपने-अपने पुत्र-पुत्रियों की शादी कराने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। अब तक पांच सौ से अधिक आवेदन आ चुके हैं।
मिर्जापुर के पुतलीघर के मैदान पर 24 अप्रैल को दोपहर दो बजे से 500 जोड़ों की सामूहिक शादी का कार्यक्रम शुरू होगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।