पुनरीक्षित मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन गुरुवार को किया गया। पुनरीक्षित मतदाता सूची के अनुसार पुनरीक्षण के दौरान जिले की आठों विधानसभा क्षेत्रों में एक लाख 22 हजार 509 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए।
वहीं, मौत या कहीं अन्यत्र चले जाने के कारण और दो बार नाम होने के कारण सूची से 68974 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। अब जिले में मतदाताओं की संख्या 27 लाख 79 हजार 163 हो गई है जबकि पूर्व में 27 लाख 25 हजार 628 मतदाता थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र ने बताया कि पुनरीक्षित निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन हो गया है।
19 जनवरी तक फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय और संबंधित तहसील कार्यालयों पर आमजन के लिए नि:शुल्क किया जाएगा।
अंतिम प्रकाशन के अनुसार जिले में अब पुरुष मतदाता 15 लाख 35 हजार 224, महिला मतदाता 12 लाख 43 हजार 815 और थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 124 है। बताया कि जो लोग अभी तक मतदाता सूची में नाम नहीं जुड़वा पाए हैं वे 13 जनवरी से 16 फरवरी तक जिला निर्वाचन कार्यालय, तहसील और बीएलओ से फार्म छह लेकर आवेदन कर सकते हैं।