सड़क हादसे में पीआरडी कर्मी सहित बाइक सवार की गई जान
जिले में बृहस्पतिवार की रात और शुक्रवार की भोर में अलग-अलग जगहों पर हुए हादसे में मऊ के रहने वाले पीआरडी कर्मी प्रभाकर पांडेय सहित दो की मौत हो गई। दोनों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया। हादसा किस वाहन से हुआ, यह अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जजौली (मऊ) थाना क्षेत्र के हसनपुर निवासी पीआरडी कर्मी प्रभाकर पांडेय की ड्यूटी अनपरा थाने में लगी हुई थी। शुक्रवार की सुबह चार बजे के करीब वह बाइक से ही वाराणसी की तरफ जा रहे थे। राबटर्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बट गांव के पास वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर पहुंचे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस घायल को लेकर सीएचसी मधुपुर पहुंची जहां मृत घोषित कर दिया गया।
परिवार वालों को सूचना देने के साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। करमा थाना क्षेत्र के झकाही मठ के पास बृहस्पतिवार की रात शाहगंज-राजगढ़ मार्ग पर एक बाइक सवार विकास घायल हो गया।
बताते हैं कि करमा थाना क्षेत्र के सहदेइया बैडांड़ निवासी विकास (25) किसी काम से बाइक से झकाही मठ की तरफ जा रहा था। तभी वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस उसे केकराही पीएचसी पहुंची। वहां से मेडिकल कॉलेज भेजा दिया। हालत गंभीर देख वहां से भी बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। रास्ते में जाते समय उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार के लोग शव लेकर घर लौट। प्रभारी निरीक्षक सूर्यभान के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।