भदोही नगर के चौरी रोड स्थित एक माल के पास रात के करीब 10 बजे के बाद तेज रफ्तार आर्टिका कार ने दाना बेचकर ठेला लेकर अपने घर जा रहे दुकानदार बेचू गुप्ता (50) को पीछे से धक्का मार दिया। धक्का इतना जबरदस्त था कि बेचू गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नगर के दरोपुर मोहल्ला निवासी आर्टिका कार चालक श्रीराम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी होते ही रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे और शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। वहीं सूचना मिलते ही कस्बा चौकी इंचार्ज संतोष कुमार राय पुलिस के जवानों के साथ पहुंच गए और भीड़ को हटवाने का प्रयास कर रहे हैं। गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय में भेजा गया। जहां से उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया।