विश्वविद्यालय अनुदान आयोग(यूजीसी) ने देश की 123 शैक्षणिक संस्थाओं पर अपने नाम के साथ विश्वविद्यालय शब्द का इस्तेमाल करने पर रोक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर यूजीसी ने पत्र जारी कर इस आशय का निर्देश दिया है। कहा कि कि ये संस्थाएं अपने नाम से यूनिवर्सिटी शब्द हटाकर डीम्ड शब्द जोड़ें।
यूजीसी के सचिव पीके ठाकुर ने 10 नवंबर को पत्र जारी कर निर्देश दिया है कि सभी संस्थाएं एक माह के अंदर इस मामले में आवश्यक कदम उठाएं। वाराणसी के केंद्रीय तिब्बती अध्ययन संस्थान, सारनाथ को भी यूजीसी का यह पत्र प्राप्त हो गया है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के भातखंडे संगीत संस्थान लखनऊ, दयालबाग एजुकेशनल संस्थान आगरा, इंडियन वेटनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट इज्जत नगर, जेपी इंस्टीट्यूट आफ इंफार्मेशन टेक्नोलॉजी नोएडा, नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय कोटवा इलाहाबाद, सैम हिग्गिनबॉटम इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी एंड साइंस इलाहाबाद, शोभित इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी मेरठ, संतोष यूनिवर्सिटी गाजियाबाद को भी अपने नाम से विश्वविद्यालय शब्द हटाने के लिए पत्र जारी किया गया है।
केंद्रीय तिब्बती अध्ययन संस्थान सारनाथ के कुलसचिव आरके उपाध्याय का कहना है कि विश्वविद्यालय शब्द हटाने के संदर्भ में यूजीसी का पत्र मिला है। कुलपति की अध्यक्षता में बैठक के बाद यूजीसी के निर्देश के अनुपालन में फैसला लिया जाएगा।
17 राज्य हैं दायरे में
ugc
आदेश के दायरे में उत्तर प्रदेश के नौ, उत्तराखंड के तीन, नई दिल्ली के 10, हरियाणा के छह, जम्मू कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड और बिहार के एक-एक, आंध्र प्रदेश के पांच, गुजरात के दो, कर्नाटक के 14, केरल के तीन, महाराष्ट्र के 21, ओडिसा के तीन, राजस्थान के सात, पंजाब के दो और सबसे ज्यादा तमिलनाडु के 26 संस्थान शामिल हैं।
उत्तराखंड के संस्थान : फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट देहरादून, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार और ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी देहरादून को पत्र जारी किया गया है।
दिल्ली के संस्थान : इंडियन एग्रीकल्चरण रिसर्च इंस्टीट्यूट पूसा, इंडियन इंस्टीट्यूट आफ फारेन ट्रेड, इंडियन लॉ इंस्टीट्यूट, इंस्टीट्यूट आफ लिवर एंड बिलियरी साइंस, जामिया हमदर्द, नेशनल म्यूजियम इंस्टीट्यूट आफ हिस्ट्री एंड आर्ट कन्वर्सेशन एंड म्यूजिकोलॉजी नेशनल म्यूजियम, नेशनल यूनिवर्सिटी आफ एजुकेशन प्लानिंग एंड एडमिनिस्ट्रेशन, राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान, श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विद्यापीठ, टेरी स्कूल आफ एडवांस स्टडीज।