वाराणसी में केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने रविवार को लोहता रेलवे स्टेशन पर बने नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का उद्घाटन किया। एफओबी से रेल यात्रियों के साथ इलाके से लगे लगभग 20 गांवों के लोगों को सहूलियत होगी। इसकी मांग लगभग 20 साल से की जा रही थी।
विज्ञापन
एफओबी का काम अगस्त 2020 में शुरू किया गया जो साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ। इसकी कुल लंबाई 50 मीटर और चौड़ाई 12फीट है। इससे छितौनी, घमहापुर, ककरहिया, लखमीपुर, कोटवां सहित कई गांवों के लोगों को काफी लाभ मिलेगा।
साथ ही एफओबी पर सीढ़ियों के साथ रैंप भी बनाया गया है। इससे स्कूली बच्चों को साइकिल के साथ लोग बाइक ले जा सकेंगे। उद्घाटन के दौरान रोहनिया विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह, उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल प्रबंधक सुरेश कुमार सपरा, एडीआरएम रवि चतुर्वेदी, डिप्टी चीफ इंजीनियर भगवान मलिक रहे।
विज्ञापन
इसके अलावा कैंट रेलवे स्टेशन डायरेक्टर आनंद मोहन, सहायक मंडल इंजीनियर पियूष पाठक सहित आरपीएफ और जीआरपी के साथ भाजपा नेता सुरेश सिंह, हेमंत सिंह, सुनिल मिश्रा, उषाराज मौर्या, आरडी यादव सहित अन्य क्षेत्रिय नागरिक मौजूद रहे।