पुलिस की वर्दी पहने दो लोग एक सराफ ा कारोबारी का चार किलो सोना लूटकर फरार हो गए। इसकी कीमत लगभग एक करोड़ आठ लाख रुपये बताई गई है। घटना शुक्रवार की सुबह साढ़े छह बजे बेनियाबाग इलाके में घटी। सराफा कारोबारी मुंबई से बनारस आया था। उसे चौक इलाके के एक आभूषण व्यापारी को सोने के गहने देने थे।
कैंट स्टेशन से उसने गोदौलिया के लिए आटो रिजर्व किया था मगर बीच रास्ते बेनियाबाग में ही बाइक सवार दो लोगों ने उसे रोका और आटो से उतारकर पास खड़ी कार में बैठा लिया। कार में चालक के अलावा खाकी वर्दी पहने दो लोग पहले से मौजूद थे। इसके बाद कार लंका की ओर बढ़ गई।
वर्दीधारियों ने कारोबारी के बैग में रखा चार किलो सोना लूटने के बाद उसे रामनगर के पास टेंगरा मोड़ पर उतार दिया और फरार हो गए। पीडि़त कारोबारी की तहरीर पर पुलिस लूट ने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की तीन टीमें और क्राइम ब्रांच सीसीटीवी फुटेज लेकर लुटेरों की तलाश में जुट गई है।
राजस्थान के मूल निवासी विकास मलिक उर्फ बागाराम और तुलाराम सराफा कारोबारी हैं। वह मुंबई से सोने-चांदी के गहने लेकर चौक क्षेत्र के सराफा कारोबारियों को देने शुक्रवार को महानगरी एक्सप्रेस से सुबह करीब पौने छह बजे कैंट स्टेशन पर पहुंचे। यहां से दोनों ने गोदौलिया के लिए आटो रिजर्व किया।
बेनियाबाग में बाइक सवार दो लोगों ने आटो ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। दोनों ने कहा कि बैग में क्या रखा है दिखाओ। जब व्यापारी ने कहा कि सोने के आभूषण हैं तो कागजात दिखाने को कहा। इसी बीच इंडिगो कार पर सवार तीन लोग आए। सिपाही की वर्दी में दोनों ने उन्हें थाने चलने की बात कहते हुए कार में बैठा लिया। वे कारोबारी को लेकर लंका के रास्ते रामनगर के टेंगरा मोड़ ले गए।
वहां पहुंचते ही सराफा कारोबारी का गहनों से भरा बैग छिनकर उसे वहां उतारने के बाद फरार हो गए। जाते समय व्यापारी को सौ रुपये भी दिए और एक मोबाइल नंबर देकर कहा, इस नंबर पर बात कर लेना मामला सेट हो जाएगा। टेंगरा मोड़ से किसी तरह सराफा कारोबारी शहर पहुंचा और उसने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। सूचना पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
एसएसपी ने पुलिस की तीन टीमें बनाकर लुटेरों की तलाश में लगा दिया। कैंट स्टेशन से लेकर शहर के चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुट गई है। एसपी क्राइम राहुल राज ने कहा हैं कि पीडि़त कारोबारी की तहरीर पर चौक थाने में लूट का केस दर्ज कर क्राइम ब्रांच सहित पुलिस की तीन टीमें लगा दी गई है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
लुटने से बच गए डेढ़ किलो गहने
लुटेरों को सटीक मुखबिरी नहीं हुई थी। मुंबई से साथ आए दूसरे सराफा कारोबारी तुलाराम के पास भी डेढ़ किलो सोने के गहने थे। लेकिन बदमाशों ने उसका बैग नहीं छीना और न ही उसे जांच पड़ताल के नाम पर कार में बैठाया। तुलाराम ने बताया कि बाइक से आए लोग सादे कपड़ों में थे।
उनका कहना था कि वे विकास को जांच के लिए थाने ले जा रहे हैं। कागजात दिखाने के बाद उसे छोड़ देंगे। उनके पास किसी तरह का कोई हथियार नहीं था। उनकी बाइक पर पुलिस लिखा हुआ था। इस वजह से उसे शक नहीं हुआ।