भदोही कोतवाली क्षेत्र के पिपरिस डीह गांव में बुधवार दोपहर कुएं से मशीन से पानी निकालने को लेकर हुए विवाद में पट्टीदारों ने चाचा की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी। घटना में मृतक के पुत्र और आरोपी पक्ष के भी दो लोग घायल हुए हैं।
पिपरिस डीह गांव निवासी जोखई राम मौर्य (70) बुधवार दोपहर खानदानी कुएं से मशीन से पानी निकाल कर खेतों की सिंचाई कर रहे थे। इस पर विपक्षी उनके भतीजे लालमणि मौर्य समेत चार-पांच लोग आए और कुएं से पानी निकालने से मना करने लगे। इसमें बात बढ़ गई और उन्होंने लाठी डंडे से पीटना शुरू कर दिया। जोखई लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े तब वे उन्हें मरा समझकर फरार हो गए।
इसमें मृतक के पुत्र महेंद्र को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन जोखई राम को एंबुलेंस से महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महेंद्र मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने लालमणि, निखिल, प्रदीप और सुरेश के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मारपीट में विपक्ष के सुरेश और प्रदीप भी घायल हुए हैं, जिनका मेडिकल मुआयना कराया गया।