पथराव में वाहनों के शीशे टूट गए
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में राष्ट्रीय ओलेमा कौंसिल के अध्यक्ष आमिर रशादी के काफिले पर आक्रोशित लोगों ने पथराव कर दिया। जिससे क्षेत्र में तनाव व्याप्त है और पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है।
जिले के फूलपुर कोतवाली के अंबारी चौक से राष्ट्रीय ओलेमा कौंसिल का काफिला गुजर रहा था। तभी एक जीप से ओलेमा कौंसिल के कार्यकर्ता के वाहन को धक्का लग गया। इसी बात से नाराज कार्यकर्ताओं ने दूसरे समुदाय के चालक को पीट कर घायल कर दिया। जिससे नाराज अंबारी चौक बाजार के लोगों ने आमिर रशादी के काफिले पर पथराव कर दिया।
इस पथराव में कई वाहनों के शीशे टूट गए। बता दें कि जौनपुर के शाहगंज में राष्ट्रीय ओलमा कौंसिल की रैली थी। आमीर रशादी काफिले के साथ उस रैली को संबोधित करने जा रहे थे। पथराव के बाद बाजार के लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर दी।
वहीं, लोगों ने शिकायत की है कि सुबह से ही ओलेमा कौंसिल के कार्यकर्ता अपनी बाइक के साइलेंसर से शोर मचा रहे थे। क्षेत्र में तनाव व्याप्त है, जिसे देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात है। मालूम हो कि आमिर रशादी अपनी चचेरी बहू फौजिया की हत्या और सबूत मिटाने के आरोपी भी हैं। इनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी है।