पंजीकृत 25380 में से बीस प्रतिशत अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे
- फोटो : अमर उजाला
सीबीएसई की ओर से कराई गई यूजीसी नेट में रविवार को पंजीकृत 25380 में से बीस प्रतिशत अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे।
43 केंद्रों पर सुबह 9.30 बजे से 4.30 बजे तक तीन चरणों में हुई परीक्षा में सामान्य ज्ञान के साथ ही पत्रकारिता से जुड़े सवाल आसान रहे।
बनारस जिले के सनबीम इंग्लिश स्कूल भगवानपुर, डालिम्स रोहनिया, यूपी कॉलेज, डिवाइन सैनिक स्कूल, डीरेका इंटर कॉलेज समेत 43 केंद्रों पर हुई परीक्षा में दो पाली में 100-100 जबकि अंतिम पाली में अभ्यर्थियों ने 150 अंकों के 75 सवालों का जवाब दिया।
बनारस समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के अभ्यर्थियों का केंद्र यहीं होने की वजह से सुबह से ही केंद्रों के बाहर भीड़ लगनी शुरू हो गई थी।
खास बात यह रही कि पिछली बार की तरह इस बार अभ्यर्थियों को पेन नहीं दिया गया, लिहाजा कुछ ऐसे अभ्यर्थी जो बिना पेन के पहुंचे थे, उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी।
वहीं पेपर में हिंदी के वर्तनी संबंधी गड़बड़ियों की वजह से अभ्यर्थी कुछ परेशान रहे। सिटी कोआर्डिनेटर वीके मिश्रा ने बताया कि बनारस में आसपास के जिलों के अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिसमें 80 प्रतिशत ने परीक्षा दी।