BHU Collage in Varanasi: बीएचयू में बीते 15 दिन तक चले कला उत्सवों और युवा महोत्सव स्पंदन का समापन हो गया है। अब क्लासेज और परीक्षाओं का दौर शुरू हो रहा। स्नातक और परास्नातक के साथ डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स के परीक्षा फॉर्म 17 मार्च तक जमा होंगे। सेमेस्टर परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 मार्च तय की गई है।
वहीं, 25 मार्च तक परीक्षा नियंता कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा। इसमें महिला महाविद्यालय, बरकछा स्थित राजीव गांधी साउथ कैंपस और चारों संबद्ध कॉलेजों के भी एग्जाम फॉर्म जमा होंगे। बीएचयू के परीक्षा नियंता कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, दूसरे, चौथे, छठवें, आठवें और दसवें सेमेस्टर की परीक्षा के फॉर्म शामिल हैं।
10 संकायों के छात्रों को भरना होगा फॉर्म
परीक्षा मई से शुरू हो सकती है। फिलहाल, पहले चरण में 10 संकायों के छात्र-छात्राओं को परीक्षा के लिए आवेदन करना होगा। स्नातक में दूसरे, चौथे, छठवें, आठवें और दसवें सेमेस्टर, परा स्नातक में दूसरे, चौथे, और छठवें सेमेस्टर, वहीं डिप्लोमा सर्टिफिकेट कोर्स में दूसरे, चौथे और छठवें सेमेस्टर के छात्र और छात्राओं को आवेदन जमा करना होगा।
बिना जांच न भेजें आवेदन
सभी कॉलेजों के प्राचार्यों, डीन और विभागाध्यक्षों को आगाह किया गया है कि परीक्षार्थियों द्वारा चयनित विषयों की जांच करा ली जाए। सत्यापित करने के बाद ही परीक्षा नियंता कार्यालय में आवेदन पत्र जमा करना होगा। ऑनलाइन परीक्षा का आवेदन शुल्क बीएचयू ऑनलाइन पोर्टल पर ही जमा किया जाएगा।