जियोट्रिक्स साॅफ्टवेयर से चिह्नित अवैध निर्माणों का एक सप्ताह में दाखिल कराएं शमन मानचित्र
जियोट्रिक्स साॅफ्टवेयर पर कार्रवाई और अवैध निर्माण के खिलाफ दाखिल वाद की समीक्षा शुक्रवार को वीडीए में की गई। इस दौरान अपर सचिव परमानंद यादव ने आईजीआरएस रिपोर्ट की गुणवत्ता सुधार के लिए सभी जोनल अधिकारी एवं अवर अभियंता को निर्देश दिए।
उन्होंने बैठक में कहा कि साॅफ्टवेयर की ओर से चिह्नित 500 वर्गमीटर से 1000 वर्ग मीटर और 1000 वर्गमीटर से अधिक बड़े नवनिर्माणों में निर्देश दिया गया कि निर्माणकर्ता को शमन मानचित्र एक सप्ताह में दाखिल करने का समय देते हुए अंतिम नोटिस भेंजे। यदि एक सप्ताह में निर्माणकर्ता की ओर से शमन मानचित्र दाखिल नहीं किया जाता है तो सील की कार्रवाई की जाए।
अवैध निर्माण के खिलाफ 16 वाद दाखिल हैं। सबसे अधिक जोन चार के नगवां और भेलूपुर वार्ड से 8 वाद हैं। बड़े एवं अशमनीय निर्माणों के खिलाफ प्राथमिकता पर वाद दाखिल करने का निर्देश जोनल अधिकारियों को दिया गया। आईजीआरएस प्रकरणों में अनिवार्य रूप से स्थलीय जांच करें। स्थलीय जांच का फोटोग्राफ निस्तारण रिपोर्ट में लगाएं।