उदय प्रताप कॉलेज (स्वायत्तशासी संस्था) को नेशनल असेसमेंट एंड एक्रिडिटेसन काउंसिल (नैक) के मूल्यांकन में ए ग्रेड मिला है। विभिन्न चरणों में कॉलेज का मूल्यांकन और निरीक्षण के बाद कॉलेज को यह ग्रेडिंग मिली है, जिसमें स्टूडेंट सैटिस्फेक्शन सर्वे भी शामिल था।
पिछली बार कॉलेज को बी ग्रेड मिला था। इसके साथ ही यूपी कॉलेज महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में ए ग्रेड प्राप्त करने वाला एकमात्र कॉलेज बन गया है।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गत 25 और 26 अप्रैल को नैक पीयर टीम ने महाविद्यालय में आकर भौतिक मूल्यांकन किया था। महाविद्यालय ने इस बार चौथे साइकल के नैक मूल्यांकन में 3.16 सीजीपीए की लंबी छलांग के साथ बी ग्रेड से तीन कैटेगरी ऊपर जाकर सीधे ए ग्रेड में पहुंच गया है। इससे पूर्व महाविद्यालय का नैक में बी ग्रेड सीजीपीए 2.29 था।
पाठ्यक्रम, शैक्षणिक गतिविधियों इन्फ्रास्ट्रक्चर का किया मूल्यांकन
नैक पीयर टीम ने पाठ्यक्रम, शैक्षिणिक गतिविधियों, इन्फास्ट्रक्चर, पुस्तकालय, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीकी और कंप्यूटर संसाधन, डेयरी एवं मत्स्य पालन, एक्सटेंशन और आउटरीच, नई शिक्षा नीति लागू करने के साथ-साथ स्किल ओरिएंटेड वोकेशनल शैक्षणिक गतिविधियों आदि में महाविद्यालय को अग्रणी बताया है। पीयर टीम के समक्ष छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया था। पीयर टीम ने यहां के शिक्षकों की विद्यार्थियों के साथ बांडिंग और क्लासरूम टीचिंग की तारीफ की थी।
पीयर टीम ने अपने एग्जिट मीटिंग में बताया कि वर्तमान के साथ यहां के पूर्व छात्रों, एल्युमिनी और गार्जियन ने भी यहां के शिक्षकों की प्रशंसा की है। प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय महाविद्यालय की गवर्निंग बॉडी और कॉलेज की शिक्षा समिति को दिया है। प्राचार्य ने कहा कि सभी स्टेक होल्डर आईक्यूएसी, यूजीसी सेल और नैक को-ऑर्डिनेटर, प्राध्यापक और स्टाफ के परिश्रम, छात्रों के अनुशासन के कारण ही महाविद्यालय को ए ग्रेड प्राप्त हो सका है।