शिवपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रपुर शिवपुर रेलवे लाइन पर शनिवार की भोर में वाराणसी से लखनऊ की ओर जा रही ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने जान दे दी। उसकी पहचान प्रदीप कुमार (30) निवासी नथमलपुर उर्फ विशंभरपुर पोस्ट सिधौना थाना मेहनाजपुर जिला आजमगढ़ के रूप में हुई।
ट्रेन के ड्राइवर ने शिवपुर स्टेशन मास्टर को युवक के कूदकर जान देने की सूचना दी। इस पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने जांच पड़ताल के दौरान मृतक के जेब से टिकट पाया। जिस पर भाई और मामा का नंबर लिखा था। पुलिस ने नंबर पर संपर्क करते हुए परिजनों को सूचना दी। साथ ही शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान की।
मृतक के पिता लालजी राम ने बताया कि प्रदीप बुधवार की रात में पूरे परिवार के साथ बैठकर खाना खाया था। बृहस्पतिवार की सुबह बिन बताए प्रदीप कुमार कहीं चला गया। शाम तक नहीं लौटने पर काफी तलाश किया गया, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इधर, शनिवार की भोर में वाराणसी से जीआरपी पुलिस द्वारा फोन पर ट्रेन से कटकर मरने की सूचना दी गई।
मृतक के पिता लालजी राम ने बताया कि प्रदीप समेत पूरा परिवार मुंबई में रहता है। बीते 14 मई को मुंबई से गांव आए हुए थे, अब जाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन इस घटना से परिवार टूट गया है। मृतक की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी पत्नी पूनम, माता श्यामराजी देवी, बड़े भाई संदीप कुमार का रो- रोकर बुरा हाल है।