तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
कछवा रोड बाजार स्थित अंडरपास के पास तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही जान गंवाने वाले युवक के परिजनों को सूचना देकर उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
भदोही जिले के दुर्गागंज थाना क्षेत्र के हरदुआ निवासी छेदी सिंह (52) अपने गांव के साथी राजेश पांडेय के साथ चार पहिया वाहन के पार्ट्स लेने बाइक से वाराणसी गए थे। घर वापसी के दौरान कछवा रोड बाजार स्थित अंडरपास के समीप तेज रफ्तार वाहन ने छेदी की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छेदी और राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को मिर्जापुर जिले के कछवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के लिए भेजा।
इलाज के दौरान छेदी सिंह की मौत हो गई। राजेश पांडेय के परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के दौरान छेदी और राजेश हेलमेट नहीं पहने हुए थे। मिर्जामुराद थानाध्यक्ष ने बताया कि कछवा रोड बाजार में लगे सीसी कैमरों की मदद से बाइक पर टक्कर मारने वाले वाहन को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।