उत्तर प्रदेश के भदोही में देवरानी और जेठानी के गोलमाल का मामला सामने आया है। देवरानी पूर्व ग्राम प्रधान है जबकि जेठानी वर्तमान प्रधान हैं। मामला ज्ञानपुर के भदोही विकास खंड के मल्लूपुर गांव का है। दोनों को शौचालय निर्माण में सात लाख रुपये के गबन के आरोप में नोटिस जारी किया गया है।
2011 में देवरानी ग्राम प्रधान थीं, जबकि 2015 से जेठानी प्रधानी का कार्यकाल संभाले हुए हैं। मल्लूपुर गांव निवासी रामचंद्र समेत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र देकर 2011-12 और 2015-16 में ग्रामसभा में कराए गए शौचालय निर्माण के कार्य में धांधली किए जाने का आरोप लगाया था।
डीएम ने जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी जवाहर लाल से जांच कराई। इसमें 2011-12 में बने 74 में से 31 शौचालय अधूरे मिले। इसमें चार हजार 195 रुपये प्रति शौचालय की दर से प्रथम दृष्ट्या एक लाख 30 हजार रुपये का गबन पाया गया। जबकि 2015-16 में बने 50 शौचालयों में से 49 अपूर्ण मिले।
इसमें 12 हजार रुपये प्रति शौचालय की दर से करीब पांच लाख 88 हजार रुपये का गबन सामने आया। डीएम विशाख जी ने वर्तमान ग्राम प्रधान रिंकी देवी एवं पूर्व प्रधान गीता देवी को नोटिस जारी कर 15 दिन के अंदर जवाब मांगा है।
चेतावनी दी है कि साक्ष्य के साथ स्पष्टीकरण दें, अन्यथा कार्रवाई तय कर दी जाएगी। इस प्रकरण में दोनों कार्यकाल में रहे सेक्रेटरियों की भी मुश्किलें बढ़नी तय मानी जा रही है। ग्राम प्रधान रिंकी देवी ने कहा कि मुझे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
कुछ लोग गांव का विकास बाधित करना चाह रहे हैं। बालू आदि न मिलने से निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा है। इस बारे में मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले में विभागीय स्तर पर ठोस कार्रवाई की जाएगी।