इंदारा-मऊ रेल मार्ग पर बाड़ा गांव के समीप रविवार की अपराह्न दो बजे क्रिकेट खेल रहे दो किशोरों की इंदारा से मऊ की तरफ जा रही पैसेंजर ट्रेन से कट कर मौत हो गई।
हादसा गेंद के ट्रैक पर चले जाने एवं उसे ढूंढने के दौरान अचानक ट्रेनों के आ जाने के चलते हुआ। घटना के बाद वहां भारी भीड़ जमा हो गई। कोपागंज पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाड़ा गांव के समीप एक बाग में गांव के ही कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इस बीच गेंद रेलवे ट्रैक पर चली गई। गेेंद को ढूंढने के लिए गांव के अमरीश कन्नौजिया (10) पुत्र उमेश कन्नौजिया व नितीश गोड़ (14) पुत्र अनिल गोड़ ट्रैक पर चले गए।
इस बीच आ गए कई और लड़के गेंद को खोजने में इतने मशगूल थे कि उन्हें पता भी नहीं चला कि कोई ट्रेन भी आ रही है। इस बीच दोनों ट्रैक पर ट्रेनें आ गई।
ट्रेनों के नजदीक आने पर उनकी आवाज सुनकर अन्य लड़के तो भाग गए लेकिन अमरीश और नितीश हदस के मारे ट्रेन के सामने खड़े रह गए और पैसेंजर ट्रेन की टक्कर से उनके चिथड़े उड़ गए। अन्य लड़कों के शोर मचाने पर वहां भीड़ जमा हो गई।
किशोरों के परिवारीजन शवों को देखकर बदहवाश हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोपागंज पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।