रेशम कटरा स्थित सराफा कारखाना में आग से झुलसे दो और कारीगरों की बृहस्पतिवार की रात मौत हो गई। अन्य तीन कारीगरों की हालत नाजुक बनी है। अब तक मेठ, कारीगर सहित तीन की मौत झुलसने हो गई। पुलिस के मुताबिक मेठ गोपाल उर्फ पांचू और अभिजीत मांझी ने बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
चौक थाना के रेशम कटरा स्थित विशाल अग्रवाल के चार मंजिला मकान के चौथे तल स्थित सराफा कारखाना में गैस सिलिंडर लीकेज से रविवार की रात आग लग गई थी। हादसे में प्रवीण कुमार (25) की झुलसने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। बाकि अन्य झुलसे पांच कारीगरों में पश्चिम बंगाल के मेदनीपुर के सुमित (18), सौरभ (15), अभिजीत मांझी (35) और अभिजीत (25), गोपाल उर्फ पांचू को बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था, जहां देर रात गोपाल उर्फ पांचू और अभिजीत ने दम तोड़ दिया।
चौक इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा के अनुसार पश्चिम बंगाल के मेदनीपुर निवासी गोपाल उर्फ पांचू कारखाने में अन्य कारीगरों के साथ काम करते थे। रविवार की रात कारीगर गैस चूल्हा पर खाना पका रहे थे कि तकरीबन रात एक बजे अचानक गैस पाइप फटने से कमरे में आग लग गई थी। कमरे में ज्वलनशील पदार्थ, कपड़े समेत अन्य सामान होने के कारण आग की लपटे इतनी विकराल हुई कि दूसरा दरवाजा खोलने तक का मौका नहीं मिला और कमरे में ही कारीगर फंस गए। सभी 70 फीसदी तक झुलस चुके थे।