जाति छुपाकर युवती को शादी का झांसा देकर दस साल तक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर शिवपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया। पीड़िता का आरोप है कि बगैर शादी ही एक बच्चे का पिता भी बन गया। पुलिस की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी को दबिश दे रही है।
शिवपुर थाना अंतर्गत एक गांव की रहने वाली पीड़िता के अनुसार लालपुर-पांडेयपुर थाना अंतर्गत हुकुलगंज निवासी नूर मोहम्मद धोखे से लाल बाबू बन गया। हिंदू नाम बदलकर शादी का झांसा दिया और इससे वह उसके बच्चे की मां भी बन गई। पीड़िता के अनुसार लगभग दस साल पूर्व युवक से मुलाकात हुई थी और जान पहचान बढ़ी तो उसने खुद को लाल बाबू बताकर शादी का प्रस्ताव रखा था। नूर मोहम्मद ने हुकुलगंज क्षेत्र में ही मकान पर अपने साथ रखा और आठ सितंबर 2015 को उसने पुत्र को जन्म दिया था। पीड़िता का आरोप है कि दबाव बनाकर नूर मोहम्मद ने मायके से लगभग दो लाख रुपये भी मंगवाए।
बाद में जब पता चला कि इसका असली नाम लाल बाबू नहीं बल्कि नूर मोहम्मद है तो पीड़िता ने विरोध दर्ज कराया। आरोप है कि नूर मोहम्मद अब जान से मारने की धमकी और बेटे की हत्या की धमकी देता है। इसकी शिकायत शिवपुर थाने पर की तो फरियाद अनसुनी कर दी गई। इसके बाद कोर्ट का सहारा लेना पड़ा। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ। शिवपुर इंस्पेक्टर सधुवन राम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।