उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में कोचिंग तथा सहज जनसेवा केंद्र संचालक को असलहा दिखा बाइक सवार बदमाशों ने काउंटर में रखे दो लाख रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश एक गोली केबिन में बैठे संचालक को निशाना बनाकर दागे, जबकि दहशत फैलाने के लिए हवा में तीन गोलियां दागते हुए फरार हो गए।
संयोग रहा कि गोली संचालक के दाहिने हाथ की हथेली में लगी, जिससे वह मामूली रूप से जख्मी हो गया। दिनदहाड़े गोली मार कर लूटपाट की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने घटना स्थल पर पहुंच लूट कांड के बारे में लोगों से पूछताछ की।
जंगीपुर थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी पूर्व सैनिक सुरेंद्र प्रसाद के पुत्र प्रवेश दिनकर (26) की मानपुर चट्टी पर किराए की दुकान में कोचिंग के साथ ही शहर जनसेवा केंद्र भी चलाता है। सोमवार को दोपहर बाद दो बाइकों पर सवार चार सशस्त्र बदमाश दुकान के बाहर पहुंचे।
बाइक से उतर कर दो युवक दुकान के अंदर गए और 40 हजार रुपये संचालक से मांगा। इस पर उसने कहा कि इतना पैसा मेरे पास नहीं है, इससे कम चाहिए तो मिल जाएगा। इस पर युवक ने पिस्टल निकाल कर उसकी कनपटी पर सटा दिया। दूसरा युवक काउंटर में बैग में रखे दो लाख रुपये उठा कर बाहर निकल गया।
बाहर निकलने के बाद बदमाशों ने केबिन के शीशा पर संचालक को निशाना कर गोली चला दी। शीशा तोड़ते हुए गोली संचालक के दाहिने हाथ की हथेली में लगी। इसके बाद संचालक ने शोर मचाना शुरू किया।