उद्योग विभाग कार्यालय में भरा बारिश का पानीकार्यालय तक जाने के लिए रास्ता ब्लॉक
- विभागीय कार्य से आए उद्यमी और लाभार्थी मायूस होकर लौटे
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। शहर में बारिश ने प्रशासनिक व्यवस्था और जल निकासी के दावों की पोल खोल दी है। लहरतारा स्थित उद्योग विभाग कार्यालय परिसर में मंगलवार को करीब दो फीट तक बारिश का पानी भर गया। कार्यालय परिसर और कमरों के आसपास जलभराव के चलते दिनभर सभी प्रशासनिक कामकाज पूरी तरह ठप रहे।
जलभराव के कारण विभागीय कार्यों, ऋण प्रक्रियाओं और सरकारी योजनाओं के सत्यापन के सिलसिले में पहुंचे कई उद्यमियों एवं लाभार्थियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। परिसर में घुटनों तक भरे गंदे पानी को देखकर दूर-दराज से आए लोग बिना काम कराए ही लौटने को मजबूर हो गए। विभाग में आने वाले लोगों को बताया गया कि जब तक परिसर से पानी की पूरी निकासी नहीं हो जाती और व्यवस्था सामान्य नहीं होती, तब तक सुचारू रूप से कार्य करना संभव नहीं है।
दरअसल, अत्यधिक बारिश के चलते मुख्य सड़क और परिसर से जुड़ी सीवर लाइन चोक हो गई थी। सीवर ओवरफ्लो होने के कारण पानी की निकासी बंद हो गई और देखते ही देखते पूरे परिसर में जलभराव हो गया। दोपहर बाद विभाग की ओर से मोटर और बड़े पाइप लगाकर पानी बाहर निकालने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया। सीवर की सफाई और जल निकासी के लिए नगर निगम व संबंधित टीम को भी सूचना दी गई।
-
जलभराव की समस्या कई वर्षों से बनी हुई थी। यह हमारे संज्ञान में नहीं था। इस बार पानी निकासी के बाद इसका स्थायी समाधान ढूंढा जाएगा। - अभिषेक प्रियदर्शी, उपायुक्त उद्योग।