बरेसर के बूढ़नपुर नहवा गांव में एक्सप्रेस-वे निर्माण में मिट्टी के लिए खोदे गए गड्ढे के बरसाती पानी में डूबने से किशोर और वृद्ध की जान चली गई। वहीं बहरियाबाद के आसपुर हरतरा गांव के पास उदंती नदी में डूबने से अधेड़ की मौत हो गई। तीनों घटनाएं मंगलवार शाम से बुधवार के बीच हुईं।
बरेसर थाना क्षेत्र के दहेंदू गांव निवासी अयोध्या मौर्या का पुत्र अमरजीत मौर्या (14) मंगलवार शाम चार बजे घर से निकला था। काफी देर तक नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश करने लगे। इसी दौरान किसी ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिए मिट्टी की खुदाई हुई है। लाठी लेकर अमरजीत उसके गड्ढे की गहराई नाप रहा था।
देर शाम को लोग वहां पहुंचे तो लाठी पड़ी हुई थी। लेकिन अमरजीत का पता नहीं चला। लोगों ने सुबह तिराहीपुर से मल्लाहों को बुलाकर खोजबीन कराई तो उसका शव गड्ढे में मिला। वह चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था।
बूढ़नपुर नहवा गांव में बुधवार सुबह करीब पांच बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गांव निवासी फूलचंद बिंद (55) का शव मिला। बहरियाबाद के आसपुर हरतरा गांव के पास मंगलवार की शाम उदंती नदी में डूबने से गांव निवासी रामसूरत यादव (58) की मौत हो गई। बुधवार की सुबह उनका शव मिला।