आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना के गोधौरा स्थित भुटौली मोड़ पर बुधवार सुबह नौ बजे बाइक और ट्रक की टक्कर में जहां दो फुफेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई वहीं, उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम और घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
विज्ञापन
जहानागंज थाना क्षेत्र के अमदही गांव निवासी रोहित(18) पुत्र स्व. गनेश, गोधौरा में भुटौली मोड़ के पास मांस की दुकान करता है। उसके घर पर उसका फुफेरा भाई जौनपुर के उडली निवासी धर्मेन्द्र(30) पुत्र फूलचन्द भी आया हुआ था।
दोनों बुधवार को एक बाइक से साथी अनिल(25) पुत्र जवाहर निवासी चिरैयाकोट के साथ दुकान पर जा रहे थे। किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया था। सुबह नौ बजे के आसपास भुटौली मोड़ के पास इनकी बाइक ट्रक से टकरा गई। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
रोहित और धमेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अनिल को जिला अस्पताल भिजवाया। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो मौतों से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।