घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के अटरिया गांव के पास रविवार सुबह दो बाइकों की भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवा होमगार्ड जवान भी जख्मी हुआ है। गंभीर हाल में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
तेजगढ़ निवासी धर्मेंद्र की चचेरी बहन की 23 नवंबर को शादी है। इसका निमंत्रण पत्र देने वह अपने मौसा पूरेलला गांव निवासी भाईलाल गौतम(45) के साथ बाबतपुर की ओर जा रहा था। जमालापुर-बाबतपुर मार्ग पर अटरिया गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार होमगार्ड जवान रमाशंकर(40) निवासी गड़वा थाना रामपुर से टक्कर हो गई।
आमने-सामने हुई भिड़ंत में बाइक सवार भाईलाल व धर्मेंद्र गौतम की मौके पर मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार रमाशंकर को गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों की मदद से रमाशंकर को सीएचसी रामनगर पहुंचाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।