उत्तर प्रदेश में बीजेपी के दलित सांसद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नाराज हैं। नाराज सांसदों ने पीएम मोदी से उनकी शिकायत की है।
सोनभद्र के राबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद कुंवर छोटे लाल खरवार की उनकी ही सरकार में सुनवाई नहीं हो रही। सरकार की व्यवस्था से असंतुष्ट सांसद अब खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने पार्टी के प्रदेश नेतृत्व और मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मान सम्मान की रक्षा की मांग की है।
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में सांसद ने कहा है कि सपा शासन काल में चंदौली के नौगढ़ ब्लाक से उनके बड़े भाई जवाहिर भाजपा के इकलौते ब्लाक प्रमुख थे। सरकार बनने के बाद भाजपा के ही कुछ लोगों ने अविश्वास प्रस्ताव करा दिया। नौ मार्च को इन्हीं लोगों ने बसपा प्रत्याशी को प्रमुख बनवा दिया।
दो बार संगठन के बड़े पदाधिकारियों, वाराणसी क्षेत्र के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, प्रभारी मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष से मिलकर आपबीती सुनाने के बाद भी किसी ने मदद नहीं की। थक हार कर दो बार मुख्यमंत्री से मिले मगर फरियाद को अनसुनी कर दिया गया।
यहां तक कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तक ने उनकी शिकायतों को तवज्जो नहीं दी। उन पर जानलेवा हमला हुआ। पिस्टल तान दी गई, जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल हुआ, मगर पुलिस ने मुकदमा तक दर्ज नहीं किया।
न्याय नहीं मिला तो थकहार कर अनुसूचित जाति आयोग में शिकायत करनी पड़ी। सांसद का कहना है कि उन्हें अपमानित करने के लिए 13 मार्च को नौगढ़ ब्लाक प्रमुख के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भाजपा के जिले के पदाधिकारी, मंत्री, महामंत्री, मीडिया प्रभारी अन्य लोग शामिल हुए।
चुनाव जीतने के बाद बसपा से जुड़े ब्लाक प्रमुख ने भाजपा के पदाधिकारी के घर पहुंचकर आशीर्वाद लिया। सोशल मीडिया में इसकी काफी किरकरी हुई। वह खुद इससे आहत हुए हैं।