युवक और किशोर ने नहीं पहना था हेलमेट
- फोटो : अमर उजाला
तेज रफ्तार दो बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में शिक्षक सहित तीन लोगों की मौत हो गई। बाइक सवार किशोर और युवक हेलमेट नहीं पहने थे, जबकि दूसरे बाइक सवार शिक्षक का हेलमेट चकनाचूर हो गया। हादसा सोमवार दोपहर चंदौली जिले के पंचायत भवन सिकड़ी गांव के समीप हुआ।
दिघवट गांव निवासी हनुमानपुर प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक अरविंद चतुर्वेदी (45) किसी काम से चंदौली गए थे। वहां से वह दोपहर 12 बजे बाइक से गांव लौट रहे थे।
उधर, एकौनी निवासी शिवा चौहान (18) और सर्वजीत चौहान (14) बनौली चट्टी बाजार से खरीदारी कर बाइक से तेज गति से लौट रहे थे। दोनों हेलमेट नहीं पहने थे।
सिकड़ी पंचायत भवन के समीप शिक्षक और इनकी बाइक में टक्कर हो गई। इसके चलते दोनों बाइक सवार पांच फीट तक उछल कर गिर पड़े। सिर में चोट लगने से अरविंद और शिवा चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल सर्वजीत को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया गया। यहां उनकी मौत हो गई।