आजमगढ़। बिलरियागंज पुलिस ने सियरहा बार्डर पर चेकिंग के दौरान 25 हजार के इनामी समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश डी-71 गैंग के सदस्य हैं और एटीएम क्लोनिंग कर दूसरे के खाते से पैसा उड़ा देते हैं। इनके पास से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद हुआ।
मंगलवार की देर रात एसओ बिलरियागंज फोर्स के साथ सियरहा बार्डर पर चेकिंग कर रहे थे। तभी आजमगढ़ की तरफ से एक बाइक पर तीन युवक आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वे बाइक मोड़ कर भागने लगे कि बाइक पलट गई और तीनों वहीं गिर पड़े। इसी बीच एक बदमाश फायर करते हुए बाइक लेकर भाग निकला। जबकि पुलिस ने दो बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों में एक अमलेश गौतम निवासी भादो थाना दीदारगंज व विशाल गौतम निवासी सिवारा थाना दीदारगंज हैं। फरार राम विलास निवासी सुरहन थाना दीदारगंज बताया गया। तलाशी में अमलेश के पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। एसओ ने बताया कि अमलेश डी-71 गैंग का सदस्य है और एसपी ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा है। सोमवार की रात दीदारगंज क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान अमलेश भाग निकला था जबकि इसका साथी नवीन गौतम मुठभेड़ में घायल हो गया था। अमलेश पर जिले के विभिन्न थानों में 11 व विशाल पर 9 मुकदमे दर्ज हैं।