पुलिस के गिरफ्त में दोनों आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में रामनगर थाना क्षेत्र में दक्षिण भारतीय महिला पर्यटक के गले से चेन लूटकर भागने के आरोपी पवन दुबे, निवासी फूलपुर और गौरव तिवारी, निवासी जंसा को पुलिस ने बावन बिगहा मैदान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चेन बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों बाइक से शहर में घूमकर महिलाओं को निशाना बनाते थे और चेन व पर्स लूटकर फरार हो जाते थे।
पूछताछ में सामने आया कि प्रेमिका को गिफ्ट देने की चाहत में पवन दुबे ने ऐसा कदम उठाया कि सीधे हवालात पहुंच गया। फूलपुर निवासी पवन ने प्रेमिका के लिए उपहार खरीदने को दोस्त गौरव तिवारी से मदद मांगी। आरोप है कि गौरव ने रुपये जुटाने के लिए लूट की साजिश रची। दोनों रामनगर पहुंचे और किले के पास महिला पर्यटक के गले से सोने की चेन लूट ली।
एसीपी कोतवाली विजय बहादुर सिंह ने बताया कि महिला पर्यटक ने तीन सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सामने घाट पुल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उसके गले से चेन झपटी और बंधा रोड की ओर भाग निकले। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वारदात के दौरान कई लोगों ने उन्हें देख लिया था। पकड़े जाने के डर से वे जंगल में छिप गए और रात होने पर वहां से निकलने की फिराक में थे।
पुलिस के मुताबिक, दोनों लूटे गए सामान को बेचकर रुपये आपस में बांट लेते थे और अपने शौक पूरे करते थे। गौरव तिवारी पर कपसेठी थाने में 2023 में चोरी और चोरी का माल रखने समेत विभिन्न धाराओं में तीन प्राथमिकी दर्ज हैं।