कच्चे मकान की दीवार ढही, एक बालक घायल
बड़ागांव के सेवईपर गांव में मंगलवार रात एक जर्जर कच्चे मकान की दीवार बगल के झोपड़ी पर गिर गई। हादसे के समय झोपड़ी में 4 साल का आर्यन सो रहा था। दीवार गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे साधोगंज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। गांव में जयराम का मिट्टी का घर है, जो काफी दिनों से जर्जर है। ठीक बगल में पिंटू का परिवार झोपड़ी बनाकर रहता है।
कार्यकारिणी में स्वच्छ सर्वेक्षण पर होगी चर्चा
नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक 19 जुलाई को दिन में 12 बजे से शुरू होगी। बैठक में शहर के विकास और सावन की तैयारियों पर विशेष चर्चा की जाएगी। इसके लिए कार्यकारिणी के सभी 12 सदस्यों को पत्र भेजा गया है। विभिन्न वार्डों की स्ट्रीट लाइटों और स्वच्छ सर्वेक्षण आदि मुद्दों पर विचार विमर्श होगा।
शहर की तमाम सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। इन सड़कों पर सीवर ओवरफ्लो कर रहा है। इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए रणनीति बनाई जाएगी। इस बैठक में भाजपा के नौ, सपा के दो और कांग्रेस के एक पार्षद बतौर सदस्य शामिल होंगे। सभी सदस्यों से प्रस्ताव भी मांगे गए हैं। इन प्रस्तावों पर भी विशेष चर्चा की जाएगी।
पंप का बिजली केबल चोरी होने से पेयजल आपूर्ति ठप
बड़ागांव थानाक्षेत्र के स्थानीय कस्बे में स्थित जल निगम में लगे पंप का बिजली केबल चोर काट ले गए। जिसकी वजह से क्षेत्र में दो दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को मध्य रात चोर लगभग सौ मीटर लंबा केबल काटकर चुरा ले गए। जिससे पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है।
घटना के दूसरे दिन भी पंप चालक द्वारा सूचना देने के बाद भी अधिकारियों द्वारा केबिल नहीं उपलब्ध कराया गया। जिससे हजारों लोग पेयजल के लिए परेशान हैं। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि जल निगम के अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है, फिर भी वह केबल उपलब्ध नहीं करा रहे है। जिस कारण स्थानीय लोगों के परेशानी हो रही है। पंप चालक अनिरूद्ध ने स्थानीय थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
रेडक्रॉस सोसायटी ने कमिश्नर को सौंपा सम्मान पत्र
रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यों ने बुधवार को मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा को सम्मान पत्र भेंटकर उन्हें बधाई दी। ये सम्मान पत्र मंगलवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने दिया था।
कोविड के दौरान मंडलायुक्त के निर्देशन में गरीब और असहाय लोगों को निशुल्क दवा व इलाज के साथ ही निशुल्क भोजन, पोषण पोटली व अन्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ये सम्मान दिया गया। इस दौरान रेडक्रॉस सचिव डॉ. संजय राय, विजय शाह, वेदमूर्ति शास्त्री, जेपी बालानी, श्रीभाल शास्त्री, रोहित आदि मौजूद थे।
पवन सिंह की टीम को 21 को दिलाई जाएगी शपथ
रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल का पदग्रहण समारोह 21 जुलाई को शाम सात बजे छावनी स्थित एक होटल में होगा। नए पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी और पूर्व पदाधिकारियों व सदस्यों का सम्मान होगा। मुख्य अतिथि अतिथि संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा होंगे।
क्लब के अध्यक्ष पवन कुमार सिंह व सचिव डॉ. एके सिंह ने बताया कि समारोह में आगामी योजना के तहत पर्यावरण व जल संरक्षण, सामूहिक विवाह, प्रोजेक्ट स्माइल, व्यापारिक मिलन, संस्कारशाला आदि पर भी चर्चा होगी।
नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी
बिजली विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर धोखाधड़ी के मामले में चितईपुर थाने में नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। भेलूपुर की सरायनंदन निवासी पूजा शर्मा का आरोप है कि अजय केशरी ने बिजली विभाग में चपरासी व डाटा ऑपरेटर के पद पर भर्ती कराने का डेढ़ लाख रुपये रेट तय किया। मैंने और देवरानी लक्ष्मी ने 20-20 हजार रुपये के साथ कुल 60 हजार रुपये दिए। बाद में पता चला कि झांसा देकर पैसे ऐंठ लिए गए हैं।
लॉन से दो लाख की चोरी के मामले में केस दर्ज
शिवपुर थाना क्षेत्र के एक लॉन से शादी के दौरान दो लाख चोरी होने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित रामाश्रय कॉलोनी उमरपुर हरिबंधनपुर निवासी संजय भास्कर सिंह ने बताया कि 13 जुलाई को द्वार पूजा के समय हैंड बैग से दो लाख रुपये चोरी हो गए थे। सीसी फुटेज में दो अज्ञात चोर दिखे हैं।
बाइक लूटने का लगाया आरोप
फूलपुर थाना क्षेत्र के कहरका के पास बाइक लूटने का मामला सामने आया है। हालांकि, पुलिस लूट की घटना को संदिग्ध मान रही है। पीड़ित राजकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि उनके पिता बाइक से जगदीशपुर (फूलपुर) जा रहे थे। रास्ते में बाइक रोककर थोड़ी देर के लिए बैठ गए। पीछे से आए दो लोग बाइक लेकर कहरका की तरफ भाग निकले। फूलपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित नशे में धुत था और लूट की घटना नहीं हुई है। बाइक की तलाश की जा रही है।
गूगल से नंबर लेते ही खाते से 20 हजार साफ
साइबर जालसाज ने महिला के बैंक खाते से 20 हजार रुपये साफ कर दिया। पीड़िता ने लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।दौलतपुर निवासी अनिता श्रीवास्तव के अनुसार वह गोदौलिया स्थित मारवाड़ी अस्पताल में डायलिसिस के लिए नंबर लगवानी चाहती थी।
इस बीच गूगल पर सर्च कर नंबर लिया। इस दौरान युवक ने फोन पर ही एक एप डाउनलोड कराया। उम्र और पेमेंट के नाम पर पांच रुपया यूपीआई यानी ऑनलाइन करने को कहा, ऐसा करते ही 20 हजार रुपये की निकासी हो गई।
सेना के रिटायर जवान के घर में घुसकर मारपीट
सेना के रिटायर्ड जवान के घर में घुसकर मारपीट और धमकी मामले में लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। गाजीपुर के अमेहता निवासी विजय कुमार मिश्र के अनुसार वह आर्मी से रिटायर है और वर्तमान में हुकुलगंज में मकान बनवाकर रहते हैं। आरोप है कि 16 जुलाई को अमेहता निवासी राकेश मिश्र अपने परिवार और गांव के ही मनबढ़ों को लेकर घर पहुंचे और मारपीट की। बड़े बेटे प्रभाकर मिश्र व छोटे पुत्र विकास मिश्र को चोट आई।
डीपीआरओ ने भीमचंडी का किया निरीक्षण
डीपीआरओ ने बुधवार को पंचक्रोशी पड़ाव भीमचंडी का निरीक्षण किया। यहां शौचालयों की साफ सफाई के निर्देश दिए और अमृत सरोवर की सफाई के भी निर्देश दिए। कहा कि लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात नियमों के प्रति बैंक कर्मचारियों को किया जागरूक
यातायात जागरूकता अभियान के तहत 5 से 20 जुलाई तक यातायात पुलिस लोगों को नियमों के प्रति जागरूक कर रही है। बुधवार को यातायात पुलिस ने मलदहिया के एक बैंक के कर्मचारियों को यातायात नियमों के बारे में बताया।
उप निरीक्षक यातायात देवानंद बरनवाल ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, ड्राइविंग लाइसेंस, सीट बेल्ट, हेलमेट के बारे में बताया। साथ ही नाबालिगों को वाहन न देने की अपील की। चेकिंग के दौरान पकड़े जाने पर अभिभावक के खिलाफ होनी वाली कार्रवाई के बारे में बताया।
रोहनिया में होंगे पर्यटन विकास के कई कार्य
काशी के विभिन्न पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने लखनऊ में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को प्रस्ताव दिया है। रोहनिया विधानसभा में पर्यटन विकास के कई कार्य कराए जाएंगे। बड़ागांव के चक भटान स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर का सुंदरीकरण कराया जाएगा।
अमरा खैरा चक पंचक्रोशी मार्ग पर स्थित महादेव मंदिर और तालाब का सुंदरीकरण कराया जाएगा। दरेखू शहाबाबाद में प्राचीन शिव धाम मंदिर और तालाब का सुंदरीकरण कराया जाएगा। डोमरी में राजघाट मालवीय पुल के नीचे शवदाह स्थल के बगल में घाट का सुंदरीकरण होगा। सूजाबाद में मां काली माता मंदिर के पास घाट का निर्माण होगा।
दुकानों का किराया नहीं लेने से व्यापारी भयभीत
विशेश्वरगंज सब्जी मंडी व्यवसायी समिति की बैठक बुधवार को महामंत्री बलवंत सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान नगर निगम की ओर से का किराया नहीं लेने से व्यापारी डरे हुए हैं। व्यापारियों ने कहा कि मेयर व नगर आयुक्त से बात की गई है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला है।
चेताया कि यदि नगर निगम ने पहले की तरह किराया लेना शुरू नहीं किया तो आंदोलन को बाध्य होंगे। संचालन भगवान दास जायसवाल ने किया। बैठक में भारतीय औद्योगिक व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजीत केशरी, गणेश गुप्ता, मुन्ना राम व अभिषेक राज, मनोज साहू मौजूद रहे।
गढ़वाघाट आश्रम में बाबा को पीटा
लंका थाना क्षेत्र में रमेशानंद सरस्वती (बुल्लू बाबा) को गढ़वा घाट आश्रम के मुख्यद्वार पर कुछ मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। उनका सिर फट गया। हो-हल्ला होते ही मनबढ़ भाग निकले। फिलहाल, बाबा को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
करंट की चपेट में आने से इकलौते पुत्र की मौत
चोलापुर थाना क्षेत्र के लाखी ग्राम पंचायत में बुधवार की शाम करंट से नौ वर्षीय एक बालक की मौत हो गई। ग्राम लाखी में आधा दर्जन लोगों की बिजली की खराबी पर मैकेनिक को बुलाकर समस्या को ठीक कर रहे थे। मैकेनिक पुनवासी गोंड के घर पर भी बिजली ठीक करने गया था।
पुनवासी के घर बोर्ड में विद्युत सप्लाई लगाकर मैकेनिक बगल में बिजली ठीक करने के लिए चला गया। घर के लोगों को बताया कि बोर्ड में बिजली है, कोई इसे छूएगा नहीं। इसी बीच, पुनवासी का एकलौता पुत्र राजकुमार (9) ने पहुंचकर बिजली बोर्ड को छू दिया। करंट लगने के झटका लगते ही उसकी मौत हो गई।
परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। पुनवासी को दो संतान है। एक राजकुमार दूसरा उसकी बहन थी।