Varanasi News: वाराणसी के जिला, मंडलीय और बीएचयू अस्पताल में मरीजों के आने का सिलसिला जारी है। उन्हें इमरजेंसी के बाद जनरल वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है। मरीजों को जरूरत के हिसाब से चिकित्सक उन्हें आइस मसाज दे रहे हैं।
आंधी-बारिश से पहले की तपिश और गर्मी के कारण पूर्वांचल के पांच जिलों में 20 लोगों की मौत हो गई। अकेले बलिया में ही 15 लोगों की जान गई है। इनमें से चार की शिनाख्त गुरुवार की देर रात तक नहीं हो सकी थी।
विज्ञापन
आजमगढ़ में दो, चंदौली, वाराणसी और मिर्जापुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। वाराणसी में तबीयत बिगड़ने के बाद सारनाथ के शीतला प्रसाद (39) को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। शीतला की इलाज के दौरान मौत हुई है।
भीषण गर्मी और तपन की मार पूरा पूर्वांचल झेल रहा है। दो दिन पहले हुई बारिश ने भले ही लोगों को राहत दी लेकिन उमस अभी भी बरकरार है। अस्पतालों में आए दिन मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इनमें अधिकतर उल्टी, दस्त, सिर और पेट दर्द के ज्यादा मरीज आ रहे हैं। चिकित्सक उन्हें भरपूर पानी का सेवन करने की सलाह दे रहे है। हालत ज्यादा गंभीर होने पर ही उन्हें भर्ती किया जा रहा है।