वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सदर कोतवाली अंतर्गत मारकुंडी घाटी में खनिज बैरियर पर जांच से बचने के लिए भागते समय बेकाबू ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर में टेंपो सवार एक युवक की मौत हो गई। अन्य पांच लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रॉबर्ट्सगंज से सवारी लेकर टेंपो सलखन की ओर जा रहा था। मारकुंडी उतरने के दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ट्रक ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल हुए। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची लोढ़ी व गुरमा चौकी पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। बताते हैं कि ट्रक पर गिट्टी लदा था। कुछ देर पहले ही वह मारकुंडी घाटी चढ़कर ऊपर पहुंचा था। लोढ़ी में खनिज बैरियर पर चेकिंग की जानकारी होते ही चालक ट्रक मोड़कर उतरने लगा।
जांच टीम ने उसका पीछा किया तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। भागने की कोशिश में उसने टेंपो में टक्कर मार दी। सदर कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।