मऊ जिले के भौरेंपुर गांव के पास ब्रह्म स्थान मंदिर के समीप गुरुवार की भोर में एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटने के बाद मंदिर से जा टकराया और जमींदोज हो गया।
एक दिन पूर्व पास में ही हुई एक युवक की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाए जाने की खबर के चलते मौके पर आठ पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। जिसमें छह पुलिसकर्मी मंदिर परिसर में बैठे थे। मंदिर के जमींदोज हो जाने के बाद उसमें बैठे सिपाही भी उसमें दब गए।
घटना के बाद आनन-फानन जेसीबी मंगाकर घायल सिपाहियों को बाहर निकाला गया। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी को एंबुलेंस मंगाकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसमें दो की हालत गंभीर होने पर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद ट्रक चालक एवं खलासी फरार हो गए। घटना से मौके पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने क्रेन से ट्रक को सड़क से हटाकर जाम हटवाया। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के भौरेपुर गांव के समीप बुधवार की सुबह हत्या कर टांगी गई एक युवक की लाश पाई गई थी।
युवक की पहचान आशीष के रूप में हुई थी, इसके बाद ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मौके पर घंटों जाम लगा दिया था। इससे किसी अनहोनी की आशंका से मौके पर आठ सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई थी। गुरुवार की भोर में ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों में छह मंदिर परिसर में बैठे थे।
इसी दौरान एक आजमगढ़ की तरफ से बलिया जूता-चप्पल लादकर ले जा रही ट्रक मंदिर के ठीक सामने ही पलट गई। ट्रक पलटने के बाद मंदिर की दीवार से तेज रफ्तार से टकरा गई। जिससे पूरा मंदिर ही जमींदोज हो गया। मंदिर में बैठे सिपाही मलबे में दब गए और चीख-पुकार मच गई।
ट्रक के पलटने की आवाज इतनी तगड़ी थी कि भोर में आस-पास के सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सभी ने मिलकर मौके पर ही सड़क बनाने के लिए लगी जेसीबी से मलबे को हटाकर घायल सिपाहियों को बाहर निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि घायलों की हालत खतरे से बाहर है। सभी का उपचार चल रहा है। दो सिपाहियों को बीएचयू में भेजा गया है।