ककरमत्ता न्यू कालोनी में फास्ट फूड संचालक ने शुक्रवार सुबह फंदे पर लटक जान दे दी। उसके कब्जे से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। आर्थिक तंगी और सूद पर लिए रकम के ब्याज से परेशान होकर संचालक ने यह कदम उठाया। भेलूपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
भेलूपुर थाना अंतर्गत पानी टंकी निवासी जयशंकर तिवारी (40 वर्ष) पिछले कुछ साल से ककरमत्ता स्थित न्यू कालोनी में कन्हैया कुमार के घर में किराये पर रहता था। ठेले पर फास्ट फूड की दुकान चलाकर अपनी जीविका चलता था। सुबह में देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो मकान मालिक ने कई बार आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया। कोई हरकत नहीं आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो जयशंकर छत की गाटर पर फंदे के सहारे लटका हुआ था। पुलिस ने शव को उतरवाया और उसके परिजनों को सूचना दी।
जयशंकर के कमरे से सुसाइड नोट पुलिस ने बरामद किया, जिसमें जयशंकर ने जिक्र किया कि आर्थिक तंगी और ब्याज पर कर्जदारों से लंबी रकम ली। रोजाना दुकान की बिक्री का हिस्सा कर्जदार ले जाते थे। दिनों दिन माली हालत खराब हो गई। बड़ा भाई राजेश मौके पर पहुंचा। पुलिस की पूछताछ में राजेश ने बताया कि जयशंकर ने डेढ़ दशक पूर्व प्रेम विवाह किया था। जिसकी एक बेटी है। पत्नी से विवाद होने के बाद जयशंकर अलग हो गया। पत्नी बेटी को लेकर अलग रहती है।